ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, शहरी स्थानीय निकाय के लिए तीन मंजिला भवन और स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाए जाएंगे
उपायुक्त ने शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों को बैठक में दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। शहर के विकास को गति देने के लिए तीन बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए जगह चिन्हित की जा चुकी हैं। इसके बाद इन परियोजनाओं की ड्राइंग व एस्टीमेट बनाकर सरकार को अप्रूव्ल के लिए भेजा जाएगा। इन परियोजनाओं में एमसी एरिया में ऑडिटोरियम व लाइब्रेरी, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के कार्यालय के लिए तीन मंजिला भवन तथा करीब सवा एकड़ क्षेत्र में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स व बहुउद्देशीय हॉल शामिल हैं।
मंगलवार को शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान डीसी ने इन परियोजनाओं पर त्वरित कार्यवाही के आदेश दिए। इन सभी परियोजनाओं की ड्राइंग बनाने के लिए कंसलटेंट एजेंसी हायर की जा चुकी है। जल्द ही एजेंसी द्वारा ड्राइंग का फाइनल प्रारूप उपलब्ध करवा दिया जाएगा। इसके बाद सरकार को ड्रॉइंग व एस्टीमेट मंजूरी के लिए भेजा जाएगा और वहां से अप्रूवल आते ही टेंडर आमंत्रित कर इन परियोजनाओं पर काम शुरू कर दिया जाएगा। इन परियोजनाओं के बनने से जिला नूंह के लोगों, खासकर शहरवासियों को काफी फायदा मिलेगा।
प्रोजेक्ट में करीब 400 बच्चों के पढ़ने की क्षमता वाली आधुनिक सुविधाओं से लैस लाइब्रेरी बनाई जाएगी, जिसमें इंटरनेट, डिजिटल मैटिरियल आदि की सुविधा होगी। इसी प्रकार एक बड़ा ऑडिटोरियम बनाया जाएगा, जिसमें जिले में होने वाले बड़े कार्यक्रमों का आसानी से आयोजन करना संभव होगा। वहीं, सवा एकड़ भूमि मेंस्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाया जाएगा, जिसमें ओपन ग्राउंड के साथ-साथ मल्टीपर्पज हॉल भी बनाया जाएगा। जिसमें सभी प्रकार के इनडोर व आउटडोर खेलों का आयोजन करना संभव होगा।
बहुउद्देशीय हॉल मिलेंगी यह सुविधाएं : बहुउद्देशीय हॉल बनने से यहां के युवाओं की खेलों संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, ताकि वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। शहरी स्थानीय निकाय के तीन मंजिला भवन में भी सभी सुविधाएं होंगी, जिसमें चेयरमैन, वाइस चेयरमैन के कमरों सहित कांफ्रेंस हाल, लाइब्रेरी, अधिकारियों व कर्मचारियों के अलग-अलग कमरे, टेक्रिकल स्टाफ के साथ रिकार्ड रूम, शौचालय, पार्किंग एरिया व प्रतिक्षा कक्ष आदि शामिल होंगे। इस भवन के बनने से शहरवासियों को सभी सुविधाएं एक छत के नीचे ही आसानी से उपलब्ध होंगी और उनका कार्य भी जल्द होगा और समय की भी बचत होगी।
ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, शहरी स्थानीय निकाय के लिए तीन मंजिला भवन व स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाए जाएंगे। बैठक में स्थानीय निकाय के अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। जल्द इन पर काम शुरू होगा। - विश्राम कुमार मीणा, डीसी नूंह।