कॉरिडोर के साथ छह लेन अंडरपास का भी होगा प्रावधान, भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई योजना
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बख्तावर चौक पर मेट्रो के डबल डेकर कॉरिडोर पर जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) को प्रस्तावित डबल डेकर कॉरिडोर और अंडरपास का डिजाइन सौंप दिया है।
गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी कॉरिडोर में बख्तावर चौक पर पहले अंडरपास बनाने की योजना थी। मेट्रो निर्माण की योजना तैयार करते समय जीएमआरएल ने यहां अंडरपास के स्थान पर डबल डेकर कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव रखा था। इस पर दोनों प्राधिकरणों के बीच सहमति बनी थी। इस दौरान जीएमडीए ने जीएमआरएल के सामने भविष्य की योजना भी रखी। प्राधिकरण की ओर से मेदांता मेडिसिटी से सेक्टर-51 की ओर छह लेन का अंडरपास बनाने की योजना है। ऐसे में डबल डेकर कॉरिडोर के निर्माण के दौरान इस अंडरपास के लिए भी आवश्यक प्रावधान रखने को कहा गया था। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि प्राधिकरण भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चौक पर अंडरपास का विकल्प चाहता है। इसी अनुसार यहां पर कॉरिडोर बनाया जाएगा।