सेक्टर 103 में नगर निगम जमीन की पैमाइश कराकर जीएमडीए को देगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) सेक्टर-103 में बस डिपो और बस टर्मिनल के निर्माण को सिरे चढ़ाने में जुट गया है। मंगलवार को जमीन की पैमाइश होनी थी लेकिन नगर निगम की वजह से नहीं हो सकी। जीएमडीए बस डिपो के निर्माण की योजना को जल्द सिरे चढ़ाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कराने की तैयारी कर रहा है।
जीएमडीए को बस डिपो के लिए सेक्टर 103 में 7.18 एकड़ जमीन की जरूरत थी, जिसे शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने ट्रांसफर करने की मंजूरी प्रदान कर दी थी। जीएमडीए ने नगर निगम गुरुग्राम को करीब 39.96 करोड़ रुपये दो दिन पहले ट्रांसफर कर दिए थे। जीएमडीए को मंगलवार को नगर निगम को जमीन की पैमाइश कर सौंपनी थी लेकिन सर्वेयर नहीं होने के कारण कार्य टल गया। जीएमडीए का कहना है कि एक-दो दिन में इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। जीएमडीए बस डिपो की योजना को जल्द सिरे चढ़ाना चाहता है। इसके लिए डीपीआर तैयार कराने की योजना है। जीएमडीए की यहां पर 100 बसों के लिए डिपो और टर्मिनल के निर्माण की योजना है। बता दें कि गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) की ओर से शहर में गुरुगमन नाम से सिटी बस सेवा का संचालन किया जा रहा है। जीएमसीबीएल की ओर से सेक्टर 10 और सेक्टर 52 में स्टैंड से विभिन्न रूटों पर 150 बसों का संचालन हो रहा है। बस सेवा के लिए जरूरी सुविधाएं जीएमडीए मुहैया करता है। जीएमडीए मानेसर और न्यू गुरुग्राम में सिटी बस सेवा को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। करीब तीन-चार माह में गुरुगमन के बेड़े में 200 नई ई-बसें शामिल होने की उम्मीद है। इसके लिए बस डिपो का होना जरूरी है ताकि बसों के संचालन में किसी प्रकार की परेशानी न आए। इसके लिए जीएमडीए नगर निगम गुरुग्राम से लंबे समय से जमीन उपलब्ध कराने के लिए कह रहा था। मोबिलिटी विंग के मुख्य महाप्रबंधक कर्नल आरडी सिंघल ने बताया कि सिटी बसों की संख्या में बढ़ोतरी की जानी है। इसी को ध्यान में रखते हुए नए बस डिपो एवं टर्मिनल बनवाने को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं। सेक्टर-48 में सिटी बस सेवा के लिए 7.5 एकड़ जमीन पर बस डिपो बनाया जा रहा है।
मेडिकल कॉलेज के पास होगा डिपो
जीएमडीए सेक्टर 102 में शीतला माता मेडिकल कॉलेज का निर्माण करा रहा है। इसका कार्य भी करीब 70 फीसदी हो चुका है। जीएमडीए की योजना है कि सेक्टर 103 में प्रस्तावित बस डिपो से अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज आने वालों को भी राहत मिले। ऐसे में जीएमडीए की इस बस डिपो और टर्मिनल को इस सभी बातों को ध्यान में रखकर तैयार कराने की योजना है। इससे द्वारका एक्सप्रेसवे से सटे सेक्टरों में भी बस सेवा बेहतर होगी। बस डिपो के साथ बस टर्मिनल बनाया जाएगा और ई-बसों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध होगा।