फिरोजपुर झिरका। मानसून से पहले शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने नालों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया है। शहर के प्रमुख नालों की सफाई कार्य को टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से कराया जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से टूटे हुए और टूटे नालों की मरम्मत और पुनर्निर्माण पर ध्यान दिया जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष मनीष जैन ने बताया कि मानसून से पहले यह काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन टेंडर प्रक्रिया में समय लगने के कारण कार्य को शुरू कर दिया गया है। जिससे शहर में मानसून आने से पूर्व सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जा सके और बारिश के मौसम में जलभराव जैसी स्थिति से लोगों को राहत मिल सके।
नपा अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले जहां ज्यादा गंदगी है और जहां से पानी की निकासी अधिक है, उन नालों की सफाई की जा रही है। विभाग के अधिकारियों और नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
उन्होंने बताया कि शहर के महावीर मार्ग, सोमनाथ मार्ग, केला गोदाम, मदापुर रोड़, बीवा रोड सफाई में बाधा बन रहे अवैध अतिक्रमणों को चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर नालों के ऊपर अस्थायी और स्थायी निर्माण किए गए हैं, जिससे जल निकासी में रुकावट आ रही है। प्रशासन ने सभी दुकानदारों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाएं और नगर की सफाई व्यवस्था में सहयोग करें।
अतिक्रमण हटाने की चेतावनी
पालिकाध्यक्ष मनीष जैन ने स्पष्ट किया कि यदि लोगों ने समय रहते अपने अतिक्रमण नहीं हटाए तो नगर पालिका की ओर से मजबूरन कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ दोषियों पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सफाई सिर्फ नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक का योगदान आवश्यक है। इस मुहिम के तहत पुराने और क्षतिग्रस्त नालों का भी निर्माण किया जाएगा ताकि भविष्य में शहर को जलभराव से बचाया जा सके। लोगों से अपील की गई है कि वे नालों में कूड़ा-कचरा न फेंकें और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें।