सीवर लाइन, नालों का निर्माण और मरम्मत के काम छोड़े, बसई रोड से लेकर न्यू गुरुग्राम तक बुरा हाल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम और गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के इंजीनियरों की लापरवाही ने शहर की सड़कों को जाम में झोंक दिया है। बारिश के दौरान ही जो निर्माण कार्य शुरू किए गए थे, वह अधूरे छोड़ दिए। इनमें सीवर लाइन, नालों का निर्माण और मरम्मत के ऐसे काम थे, जिन्हें अधूरा छोड़ देने के कारण सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। इससे अब वाहनों का निकलना दूभर हो रहा है। ट्रैफिक जाम के कारण लोग घंटों परेशान हो रहे हैं।
बसई चौक फ्लाईओवर से लेकर पटौदी चौक के बीच बारिश के दौरान तीन अलग-अलग जगह सीवर लाइन टूट गई थी जिससे सड़कें टूट गईं। सीवर का निर्माण नगर निगम गुरुग्राम की टीम की ओर से कराया जा चुका है। एक माह तक इस मार्ग से गुजरने वालों को फिरोज गांधी कॉलोनी से होकर निकाला जा रहा था। इस सड़क का निर्माण जीएमडीए की ओर से कराया जाना है। रोजाना हजारों लोग इस टूटी सड़क से गुजरने को मजबूर हैं। जीएमडीए के अधिकारी सड़क का दौरा करके के जा चुके हैं। ठेकेदार अधूरा काम छोड़कर भाग चुका है। जीएमडीए के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही ठेकेदार द्वारा इस सड़क का निर्माण किया जाएगा।
खांडसा रोड पर नाला अधूरा छोड़ा
नगर निगम की ओर से मानसून को लेकर शिवाजी नगर कॉलोनी को जलभराव से बचाने की योजना तैयार की गई थी। नगर निगम की ओर से टेंडर निकालने के साथ ही काम शुरू हुआ जो अभी तक पूरा नहीं हुआ है। खांडसा रोड पर नाला अधूरा छोड़ दिया गया। नगर निगम के इस रवैये से लोग परेशान हैं। सीवर के पानी को निकालने के लिए मौके पर पंप लगाया गया है मगर सड़क टूटने व निर्माण कार्य जारी होने के कारण सुबह-शाम यहां पर जाम लगता है।
राजेंद्रा पार्क में सबसे अधिक परेशानी
नगर निगम की ओर से काम तो कराया जा रहा है मगर ठेकेदार व अधिकारियों की लापरवाही जनता को भुगतना पड़ रही है। सूरत नगर से लेकर राजेंद्रा पार्क पूरी तरह से खोदा पड़ा है। सड़क टूटी हुई है। पाइप लाइन बिछाने के बाद उसे ठीक से दबाने वाला कोई नहीं है।
खांडसा रोड पर चल रहे निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाएगा। जहां पर भी नगर निगम की सड़कों का निर्माण किया जाना है उसके लिए काम शुरू हो चुका है।
- विजय ढाका, चीफ इंजीनियर, नगर निगम गुरुग्राम