यात्रियों के लिए अन्य गेट से आने जाने का मिलेगा विकल्प, फ्लाईओवर की ओर भीड़ कम करने की योजना
फ्लाईओवर के नीचे मेन गेट की ओर ऑटो के प्रवेश पर लगेगी रोक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मेट्रो परियोजना के दौरान जाम की समस्या को दूर करने के लिए संबंधित विभाग काम कर रहे हैं। इसी के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के लिए अन्य गेट खोले जाएंगे। मेट्रो स्टेशन के मेन गेट फ्लाईओवर की ओर ऑटो के प्रवेश पर रोक होगी। वहीं, जीएमआरएल और यातायात पुलिस ने नेताजी सुभाष रोड पर होने वाले निर्माण को लेकर मौका मुआयना किया।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण, गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड, सिस्ट्रा एजेंसी और यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक मंगलवार को जीएमआरएल कार्यालय में हुई। इसमें मेट्रो परियोजना के दौरान यातायात प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्माण के दौरान मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के आवागमन पर चर्चा हुई। इसमें दिल्ली मेट्रो की ओर से मिलेनियम सिटी सेंटर से पीछे बंद पड़े गेट को खोलने पर विचार विमर्श हुआ। बैठक में बताया गया कि निर्माण के दौरान यात्रियों का दबाव मेन गेट यानी फ्लाईओवर की ओर नहीं होना चाहिए। ऐसे में यात्रियों के आने-जाने के लिए दूसरे गेट खोलने चाहिए। अभी मेन गेट के सामने ऑटो स्टैंड है। बैठक में ऑटो स्टैंड को अन्य जगहों पर बनाने पर चर्चा की गई। यातायात पुलिस जल्द ही मेट्रो गेट के ऑटो के आने जाने पर रोक लगा दे देगी। ऑटो चालकों के लिए आसपास सरकारी जमीन का प्रयोग किया जा सकता है। मिलेनियम सिटी सेंटर के सामने गुरुग्राम मेट्रो का स्टेशन बनना है। इस पर तीन माह बाद काम शुरू होगा।
टीम ने किया मौका मुआयना
बैठक के बाद टीम ने मिलेनियम सिटी सेंटर और नेताजी सुभाष रोड पर मौका मुआयना किया। इस दौरान निर्माण के दौरान यातायात डायवर्जन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बताया गया कि नेताजी सुभाष रोड सिक्स लेन की है और दोनों ओर साइकिल ट्रैक है। टीम ने बताया कि निर्माण के दौरान एक-एक लेन सड़क प्रभावित होगी। ऐसे में साइकिल ट्रैक की सफाई कर वाहनों को डायवर्ट किया जा सकता है। इसके साथ ही मिलेनियम सिटी सेंटर के निर्माण के दौरान वाहनों से सीधे कन्हई चौक भेजने व सेक्टर की सड़कों को प्रयोग करने पर चर्चा की गई। पुलिस का प्रयास होगा कि निर्माण के दौरान लोग नेताजी सुभाष रोड का कम प्रयोग करें। अभी ठेकेदार पाइल टेस्टिंग करने काम शुरू करेगा। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर 9 तक मेट्रो स्टेशनों का निर्माण शुरू होने जा रहा है।