शव का पोस्टमार्टम कराकर मोर्चरी में रखवाया, 72 घंटों बाद कराया जाएगा दाह संस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में बसई चौक के पास 20 जुलाई की सुबह मृत मिली महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है और शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। 72 घंटों में पहचान नहीं होने पर महिला के शव का नगर निगम गुरुग्राम के माध्यम से दाह संस्कार करवाया जाएगा। पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार है।
20 जुलाई की सुबह राहगीरों ने बसई चौक के पास महिला का शव पड़ा देखा तो पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-10 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि महिला के शरीर पर कपड़े अस्त-व्यस्त हालत में थे और प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई थी। पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट या गंभीर जख्म के निशान नहीं मिले हैं। मृत महिला की पहचान के लिए सेक्टर-10 थाने की पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटा रही है।
जिले के अन्य थानों में महिलाओं की गुमशुदगी की दर्ज शिकायतों की जांच की जा रही है, ताकि मृतका की पहचान हो सके। पोस्टमार्टम में महिला के साथ दुष्कर्म संबंधी वारदात सामने नहीं आई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
- दिलबाग, इंस्पेक्टर व प्रभारी, सेक्टर-10 थाना