टेलीग्राम चैनल का लिंक भेजकर कई बार में ट्रांसफर कराए रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
गुुरुग्राम। जालसाजों ने रिवॉर्ड पॉइंट कमाने का झांसा देकर एक महिला से 5.04 लाख रुपये की ठगी कर ली। रुपये कमाने के लालच में आकर महिला ने कई बार में रुपये निवेश किए। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर साइबर अपराध थाना दक्षिण की पुलिस ने अज्ञात जालसाज के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-70 निवासी मनीषा अरोड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 जुलाई को फेसबुक पर उसके पास बच्चों के फोटोशूट करने का ऑफर मिला। उसकी सहमति पर एक लिंक भेजा गया और टेलीग्राम चैनल से जोड़ा गया। इसके बाद जालसाजों ने ऑनलाइन टास्क देकर रिवार्ड पॉइंट कमाने के बारे में बताया और रुपये निवेश करने के लिए कहा।
मनीषा से पहली बार में नौ हजार रुपये जमा करा दिए और इसके बाद टास्क पूरा करने के लिए बार-बार रुपये जमा कराने को कहा जाता। जालसाजों के झांसे में आकर उसने रुपये ट्रांसफर कर दिए। मनीषा ने अपने रुपये वापस मांगे तो उसको ज्यादा रुपये निवेश करने के लिए कहा गया ताकि वे पहले जमा कराए रुपये निकाल सके। ऐसे में जालसाजों ने धाेखाधड़ी करके मनीषा से कुल 5.04 लाख रुपये ठग लिए।