संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भोंडसी थाना क्षेत्र के नया गांव में पड़ोसी के घर से करीब 25 लाख रुपये के आभूषण और नकदी चोरी करने के आरोप में पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पूनम के रूप में हुई है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
शिकायत के अनुसार, सोमवार को परिवार घर से बाहर गया था। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर से नकदी व आभूषण गायब थे। शिकायत के आधार पर मारुति कुंज चौकी पुलिस ने जांच शुरू की। अगले दिन बुधवार को संदेह के आधार पर पूनम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि पूनम पीड़ित परिवार की जान-पहचान वाली और पड़ोस में रहने वाली है। उसने परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर कथित तौर पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चोरी किए गए आभूषण और नकदी बरामद करने का दावा किया है। उसे अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।