गुरुग्राम। भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ के नव नियुक्त हरियाणा प्रदेश संयोजक सुजीत कुमार कैमरी ने कादीपुर पूर्वांचल भवन में अभिनंदन समारोह के दौरान कहा कि पूर्वांचल के लोगों को मान सम्मान के साथ साथ उनका हक भी दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त से पहले प्रदेश में कमेटी का गठन कर लेंगे और जिला अध्यक्षों की घोषणा शीघ्र कर दी जाएगी।
उन्होंने स्वीकार किया कि जिला अध्यक्ष को लेकर गुरुग्राम में अनेक दावेदार हैं, लेकिन सबकी सहमति से ही किसी को जिला अध्यक्ष बनाया जाएगा। भाजपा पूर्वांचल प्रकोष्ठ गुरुग्राम जिला अध्यक्ष पद की दौड़ में विपिन जायसवाल, पीसी गुप्ता, धर्मेंद्र मिश्रा एवं विनोद कुमार आदि हैं। सुजीत ने कहा कि संख्या बल के हिसाब से वे हरियाणा में भी राजनीतिक भागीदारी चाहते हैं। कोशिश करेंगे कि वे आने वाले पार्षद चुनाव में पूर्वांचल के कुछ सक्रिय कार्यकर्ताओं को भाजपा का टिकट दिलवाएं।
उन्होंने पूर्वांचल समाज के लोगों को एकजुट होकर अपने हक की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। वे केंद्र सरकार से हरियाणा से पटना के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की भी मांग करेंगे। इससे पूर्व अभिनंदन समारोह में सुजीत का जनसेवा एवं सांस्कृतिक चेतना मंच के अध्यक्ष रणधीर राय, शम्भू प्रसाद, विपिन जायसवाल, रविकांत व टीम, प्रवासी एकता मंच के अध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह, पूर्वांचल जन कल्याण संघ के अध्यक्ष उपेंद्र राय, पीसी गुप्ता, धर्मेंद्र मिश्र, पुष्प लता पावनी जायसवाल, निलिमा मिश्र, एडवोकेट रीना झा, नीतू झा, रंजना झा आदि ने स्वागत किया।