गुरुग्राम। गांव सरहौल में पति पत्नी के बीच हुए आपसी झगड़े ने बड़ी वारदात का रूप ले लिया। पति ने पहले पत्नी को घसीटा और फिर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद वह फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
मूल रूप से यूपी के जिला मैनपुरी निवासी अक्षय कुमार ने बताया कि वह दिल्ली के शास्त्री नगर इलाके में किराये के मकान में रहता है। उन्होंने 2013 में अपनी बहन रूबी की शादी जिला मैनपुरी निवासी सतीश कुमार के साथ की थी। कुछ समय बाद वह परिवार के साथ गांव सरहौल में किराए के घर में रहने लगे। मृतका के भाई का आरोप है कि उसका जीजा सतीश शराब का आदी था। वह हमेशा शराब पीने के बाद रूबी के साथ मारपीट करता था। रविवार दोपहर को उसको बहन की सहेली ज्योति उर्फ हेमलता का फोन आया कि सतीश उनकी बहन के साथ मारपीट कर घर ले जा रहा है। आरोपी द्वारा मारपीट के दौरान रूबी नाली में गिर पड़ी।
उसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और रूबी को घसीटते हुए घर में ले गया। बाद में सिर पर पत्थर से वार करके हत्या कर दी। जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक सतीश मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी सुधीर सिंह का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी।