पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की
गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-एक थाना क्षेत्र में पत्नी की शिकायत पर पति और दो बच्चों का अपहरण करने का मामला दर्ज किया गया है। मूल रूप से बरेली के टांडा गांव निवासी पूजा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। पूजा आठ साल से परिवार के साथ नाथूपुर के एस ब्लॉक में रह रही हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस को प्रथमदृष्टया मामला दंपति के बीच चल रहे विवाद में पति और बच्चों का घर छोड़ने का मान रही है।
पूजा ने शिकायत में बताया कि पति मनोज कुमार ओला-उबर में ऑटो चलाने का काम करता है। उनके पति प्रतिदिन लोगों को सिकंदरपुर पहाड़ी के पास हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए लेकर आते थे। शनिवार को उनके पति एक यात्री को हनुमान मंदिर में दर्शन कराने के लिए गए थे। वह अपने साथ दोनों बच्चों को भी लेकर चले गए थे। उनका कहना है कि करीब चार घंटे बाद जब उनके पति वापस नहीं आए तो उन्होंने उनके पास फोन किया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
कई बार फोन करने पर उनका फोन किसी ने उठाया और बोला की वह गलत दिशा में वाहन चला रहे थे इसलिए रोका गया है। यह कहकर फोन काट दिया गया। इसके बाद वह मंदिर गई। वहां पर उन्हें ऑटो तो मिला लेकिन पति और बच्चे नहीं मिला। उनका आरोप है कि फोन पर बात करने वाले ने कहा कि उसके पति की वजह से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जब तक रुपये नहीं मिल जाते वह उसे नहीं छोड़ेंगे। वहीं, थाना प्रभारी डीएलएफ मनोज कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। घटनास्थल के आसपास की सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। पति के गांव में भी पता किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह मामला परिवार के बीच हुए विवाद का लग रहा है। मनमुटाव होने पर शिकायतकर्ता का पति बच्चों के साथ चला गया। शिकायतकर्ता की पति से फोन पर बात भी हो रही है।