हादसे में बच्ची की मां और मौसी घायल
दोनों को अस्पताल में कराया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। बिलासपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह केएमपी के फ्लाईओवर पर गाय को बचाने से एक क्रेटा गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में चार साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि गाड़ी चला रही उसकी मां और मौसी घायल हो गईं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया। बृहस्पतिवार को बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
मृत बच्ची की पहचान भिवानी के मठान गांव निवासी मनमीत के रूप में हुई है। थाना पुलिस के अनुसार मनमीत की मां मंजू पलवल के एडीजे की स्टेनो हैं। भिवानी के मठान गांव निवासी गुरमीत ने पुलिस को बताया कि वह खेती-बाड़ी करता है। बुधवार की सुबह करीब 6.30 बजे उसकी पत्नी मंजू अपनी मौसी सरोज, भाई संदीप, बहन ज्योति व बेटी मनमीत को क्रेटा गाड़ी में पलवल के लिए लेकर घर से निकली थी। सुबह करीब 9.30 बजे पंचगांव टोल के आगे ने केएमपी के फ्लाईओवर पर पहुंचे तो गाड़ी के आगे एक गाय आ गई। उसकी पत्नी मंजू ने गाय को बचाने के लिए जब अचानक ब्रेक लगाए व स्टेयरिंग घुमाया तो गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में गुरमीत की पत्नी मंजू, उसकी मौसी सरोज व बेटी मनमीत गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने तीनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान मनमीत की मौत हो गई।
जांच अधिकारी बिरेंद्र ने बताया कि केएमपी के फ्लाईओवर पर गाय को बचाने के चक्कर में गाड़ी अनियंत्रित होकर पलटी थी। इस हादसे में किसी अन्य वाहन की टक्कर नहीं लगी है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृत बच्ची के पिता के बयान पर धारा 194 बीएनएसएस के तहत रोजनामचा में दर्ज किया गया है।