14 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से स्टेडियम का नवीकरण किया जा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। धनवापुर गांव स्थित अजीत स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। करीब 22 साल पहले तैयार हुए इस स्टेडियम की जर्जर हालत को देखते हुए एमसीजी ने इसके पुनर्विकास की जिम्मेदारी संभाली है। 14 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से स्टेडियम का नवीकरण किया जा रहा है। इसमें खिलाड़ियों के लिए इंडोर और आउटडोर दोनों तरह की खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
फिलहाल स्टेडियम में जूडो खिलाड़ियों के लिए केवल एक हॉल उपलब्ध है, जहां वह अभ्यास करते हैं लेकिन नए निर्माण के बाद यहां बैडमिंटन, स्क्वैश, वॉलीबॉल, टेनिस, बास्केटबॉल सहित कई खेलों का आनंद खिलाड़ी एक ही परिसर में ले सकेंगे। लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए स्टेडियम में मल्टीपरपज हॉल, बास्केटबॉल व वॉलीबॉल कोर्ट, हैंडबॉल ग्राउंड, खो-खो मैदान और एथलीटों के लिए सिंथेटिक ट्रैक भी बनाए जा रहे हैं।
स्टेडियम की टूटी चहारदीवारी और पुराने ढांचे को हटाकर नए सिरे से निर्माण तेज गति से चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, काम लगभग एक वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा। बेहतर रोशनी के लिए हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी जिससे खिलाड़ी रात में भी अभ्यास कर सकेंगे। साथ ही परिसर में हरियाली बढ़ाने की दिशा में विभिन्न प्रकार के पौधे भी लगाए जाएंगे।
अजीत स्टेडियम में अभ्यास करवाने वाली जूडो कोच सुचिका हुड्डा ने बताया कि स्टेडियम का फिर से नवीकरण किया जा रहा है, इससे खिलाड़ियों को अपना खेल मजबूत करने में मदद मिलेगी। अब स्टेडियम में नए उपकरण भी लगेंगे जिससे खिलाड़ी और बेहतर होगे।
जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने बताया कि स्टेडियम के उन्नयन से खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा और जिले में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी। वहीं निगम के एक्सईएन तुषार यादव ने कहा कि ओपन एरिया में बास्केटबॉल व वॉलीबॉल कोर्ट बनाए जा रहे हैं जबकि इनडोर सेक्शन में बैडमिंटन कोर्ट तैयार करवाए जा रहे हैं।