संंवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नए साल का पहला दिन शहर वासियों ने पूरे जोश और उत्साह से मनाया। एक ओर रेस्त्रां मॉल आदि गुलजार रहे। रात के बाद दिन में भी एमजी रोड, सोहना रोड, एनएच आठ, द्वारका एक्सप्रेसवे के मॉल गुलजार रहे।
दिन भर सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। सदर बाजार में भी काफी भीड़-भाड़ रही। हर वर्ग का व्यक्ति अपने हिसाब से नए साल की खुशियों को जी लेना चाह रहा था। साइबर हब, सेक्टर-29 समेत शहर के विभिन्न मॉल और कई फार्म हाउसों में नववर्ष पर लोग पार्टी करते नजर आए। शहर के विभिन्न सोसाइटियों के क्लबों में मंगलवार की रात और बुधवार को मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। डीजे के साथ स्थानीय निवासी कलाकारों ने भी गीत संगीत और नृत्य की प्रतिभा बिखेरी।
श्री माता शीतला के दरबार में सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। काफी संख्या में लोगों ने माता शीतला के समक्ष मत्था टेका। अन्य मंदिरों चिंतपूर्णी मंदिर, शक्तिपीठ मंदिर, सेक्टर-43 स्थित हनुमान मंदिर परिसर, सदर बाजार स्थित बड़े हनुमान मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा है।
वहीं, शहर के प्रमुख चर्च सिविल लाइंस स्थित चर्च ऑफ एपिफेनी, कन्हई स्थित चर्च ऑफ इमाकुलेट कंशेप्सन, न्यू कॉलोनी स्थित सेंट माइकल चर्च में सुबह सवेरे न्यू ईयर प्रार्थना सभाएं हुई। जहां ईसाई मतावलंबियों ने ईश्वर को धन्यवाद ज्ञापित किया और इस सुख समृद्धि की प्रार्थना की। सिविल लाइंस स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, सेक्टर-38, मदनपुरी, अर्जुन नगर, सेक्टर-47, न्यू कॉलोनी आदि के गुरुद्वारों में शबद कीर्तन और अरदास का आयोजन किया गया। काफी संख्या श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे में आकर मत्था टेका।