बारिश और आंधी से गिरा तापमान, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। इस वर्ष मई का महीना आमतौर पर पड़ने वाली चिलचिलाती गर्मी की तुलना में राहत भरा साबित हो रहा है। महीने की शुरुआत से ही कई बार बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार दिनों तक यलो अलर्ट जारी किया गया है और पांच जून तक गरज-चमक व आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है। शुक्रवार को सुबह से ही शहर में बादल छाए रहे और मौसम में ठंडक बनी रही। साथ ही दिन चढ़ने के साथ तेज हवाएं चलने लगीं और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को दोपहर में जगह-जगह बूंदाबांदी भी हुई, जिससे तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली है।
इस समय अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जोकि मई महीने के औसत तापमान से काफी कम है। मौसम में आए इस बदलाव से आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है और बिजली की खपत में भी कुछ हद तक कमी आई है। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक गरज के साथ तेज हवाएं और आंधी की स्थिति बन सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खुले में यात्रा करने से बचने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने किसानों को भी सलाह दी है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और मौसम की जानकारी पर ध्यान दें।