- सात साल बाद शुरू हुआ था काम, डिजाइन में बदलाव के चलते फंसा पेच
- 88.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाना है स्टेडियम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सात साल बाद शुरू हुआ वजीराबाद स्टेडियम का निर्माण कार्य फिर लटक गया है। निर्माण एजेंसी बंसल एंड ब्रदर्स कंपनी ने डिजाइन में बदलाव होने के कारण निर्माण कार्य बंद कर दिया है। अब मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
निर्माण एजेंसी ने चारों ओर से दीवार निर्माण समेत अन्य काम शुरू किए थे, जिसमें प्लेन कंक्रीट सीमेंट डालने का काम रोक दिया गया। कार्य मार्च महीने में शुरू कराया था। निगम अधिकारियों का कहना है कि डिजाइन बदलने की अनुमति मुख्यालय को भेजी हुई है। वहां से अनुमति का इंतजार है।
पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 2017 में वजीराबाद गांव में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्विमिंग पूल बनाने के साथ अन्य इनडोर खेलों के लिए स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। निगम ने पहले 200 करोड़ रुपये से स्टेडियम निर्माण की योजना बनाई थी लेकिन अब इसका निर्माण 88.50 करोड़ रुपये से कराया जा रहा। इसके बार टेंडर प्रक्रिया लंबित रही। पिछले माह टेंडर अलॉट होने के बाद एजेंसी से काम तो शुरू किया मगर अब डिजाइन में बदलाव के चलते यह काम फिर रुक गया है।
अभी पुराने शहर में ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, नेहरू स्टेडियम होने से खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं मिल रही हैं। वजीराबाद सेक्टर 51-52 के नजदीक है और खेलों की सुविधा यहां मिलने से नए खिलाड़ी तराशे जा सकेंगे। स्टेडियम में योगा कोर्ट, फुटबॉल गेम, बॉस्केट बॉल, वॉलीबाॅल, किड्स प्ले ग्राउंड, स्केटिंग रिंग, कबड्डी कोर्ट, बॉक्सिंग रिंग और मनोरंजन केंद्र शामिल है।
जून 2027 तक पूरा करना है निर्माण कार्य
एजेंसी ने 10 मार्च को स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू किया। अनुबंध के अनुसार स्टेडियम का निर्माण जून 2027 तक दो साल में पूरा होगा। यह स्टेडियम 12.5 एकड़ में बनाया जाना था लेकिन इसमें से 1.25 एकड़ जमीन वॉटर बॉडी के लिए छोड़ दी गई। अब स्टेडियम 11.25 एकड़ जमीन में बनेगा जबकि कुछ जमीन पर अतिक्रमण है जिसे अभी हटाया नहीं गया है। अतिक्रमण को लेकर कोर्ट केस चल रहा है।
टेंडर अलॉट होने के बाद निर्माण एजेंसी ने स्टेडियम का निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। स्टेडियम के डिजाइन को लेकर देरी हो रही है। मुख्यालय से अनुमति का इंतजार है। - अजय पंघाल, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम गुरुग्राम।