संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप सिंह मलिक ने बृहस्पतिवार को लगातार हो रही बारिश के चलते नूंह शहर व आसपास के क्षेत्रों में बनी जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चंदेनी ड्रेन, बस स्टैंड नूंह, शहीदी पार्क, मेवली मोड़, तावड़ू रोड, नल्हड़ रोड, वार्ड नंबर-12 तथा दिल्ली-अलवर रोड सहित शहर के प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव को जल्द से जल्द समाप्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जल निकासी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी तालमेल से मशीनरी व जरूरी संसाधनों का उपयोग कर प्रभावित क्षेत्रों से पानी निकासी के प्रबंध सुनिश्चित करते हुए लोगों को शीघ्र राहत प्रदान करें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर पानी भरने की संभावना अधिक रहती है, वहां पंप सेट और आवश्यक उपकरण पहले से ही उपलब्ध रखे जाएं ताकि आवश्यकता पड़ते ही तुरंत उपयोग किया जा सके।