शहर के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति प्रभावित, लीकेज की मरम्मत का चल रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बसई ट्रीटमेंट प्लांट से सेक्टर-16 बूस्टिंग स्टेशन की ओर आने वाली लाइन में लीकेज के कारण शहर के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। बुधवार की शाम प्लांट से लीकेज के कारण पानी की आपूर्ति नहीं हुई। लीकेज की मरम्मत का काम चल रहा है।
डीएलएफ प्रबंधन ने इस बाबत लोगों को लिखा है कि स्टोरेज खत्म हो गया है। पानी का अनावश्यक प्रयोग नहीं करें। अब पानी की आपूर्ति नहीं की जा सकती है। बसई की मुख्य पाइप लाइन में लीकेज के कारण जीएमडीए से पानी की आपूर्ति अभी प्रभावित रहेगी।
बुधवार को डीएलएफ प्रबंधन की ओर से लोगों को पत्र जारी कर बताया गया कि बसई के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट ये सेक्टर-16 की ओर आने वाली लाइन में लीकेज के कारण डीएलएफ में पानी नहीं आएगा। डीएलएफ फेज टू के आरडब्ल्यूए महासचिव मनीष धवन ने बताया कि कई दिनों से पानी कम आ रहा था लेकिन आज बिल्कुल बंद हो गया है।
जीएमडीए के प्लांट के अधिकारियों ने बताया कि बसई की मुख्य लाइन में लीकेज होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई है। मरम्मत कार्य में पूरी रात का समय लग सकता है।
सेक्टर-21 में आ रहा गंदा पानी
सेक्टर-21 के लोगों ने बताया कि सेक्टर में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। सेक्टर-21 में भी बसई ट्रीटमेंट प्लांट से आता है। लोगों ने बताया कि बहुत ही गंदा पानी यहां आ रहा है। सेक्टर-21 के आरडब्ल्यूए महासचिव केएल शर्मा ने बताया कि बसई ट्रीटमेंट प्लांट से पानी की लाइन सेक्टर-5, पालम विहार, सेक्टर-22, 23 होते हुए सेक्टर-21 तक आती है। इस लाइन से गंदा पानी आ रहा है।