- फ्लैट पर 35.70 लाख रुपये का बैंक लोन बकाया, फर्जी बैंक विवरण दिखाकर खरीदार को दिया झांसा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सुशांत लोक फेज-2 स्थित फ्लैट को फर्जी दस्तावेज के आधार पर 1.10 करोड़ रुपये में बेचने के आरोप में सेक्टर-56 थाना पुलिस ने एक दंपती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फ्लैट पर 35.70 लाख रुपये का बैंक लोन बकाया होने के बावजूद खरीदार को लोन चुकता होने का भरोसा दिलाया और फर्जी बैंक विवरण व अनापत्ति प्रमाण पत्र दिखाए।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने 4 अप्रैल 2026 को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि भानु प्रिया नारंग और ध्रुव शर्मा ने फ्लैट का सौदा 1.10 करोड़ रुपये में किया था। आरोपियों ने कहा था कि बैंक लोन चुकाने के बाद मूल दस्तावेज और अनापत्ति प्रमाण पत्र सौंप दिए जाएंगे। शिकायतकर्ता ने विभिन्न तिथियों में पूरी रकम का भुगतान कर दिया। इसके बाद 23 जनवरी 2025 को फ्लैट की बिक्री विलेख शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी के नाम कर दी गई। बाद में बैंक से सत्यापन कराने पर फ्लैट पर 35.70 लाख रुपये का लोन बकाया मिला। आरोपियों की ओर से दिखाए गए बैंक विवरण और लोन समाप्त होने से संबंधित दस्तावेज भी फर्जी पाए गए। इसके बाद सेक्टर-56 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस टीम ने मंगलवार को दिल्ली निवासी 33 वर्षीय भानु प्रिया नारंग और उसके 35 वर्षीय पति ध्रुव शर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बकाया लोन चुकाए बिना फ्लैट बेचने की बात सामने आई है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड और कथित फर्जी दस्तावेजों की जांच कर रही है।