20 करोड़ से बिछेगी लाइन, हर गली-मोहल्ले तक पहुंचेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। शिकोहपुर गांव के लोगों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल और सीवर की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम मानेसर ने गांव में पानी की नई पाइप लाइन और सीवर लाइन बिछाने की योजना तैयार की है। इस काम पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इस योजना के पूरा होने के बाद गांव के लोगों को साफ पानी मिलने के साथ-साथ गलियों और सड़कों पर जमा गंदे पानी की समस्या से भी राहत मिलेगी। जल्द ही निगम की तरफ से टेंडर जारी किया जाएगा और फिर काम शुरू कराया जाएगा। निगम की योजना के अनुसार गांव के सभी मोहल्लों और गलियों में पानी की नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही पूरे गांव में सीवर लाइन का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। सीवर के पानी को सही तरीके से ट्रीट करने की व्यवस्था भी की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से पानी और जल निकासी की समस्या बनी हुई है। बारिश और सीवर का गंदा पानी कई जगहों पर गलियों में जमा रहता है। पेयजल की समस्या को लेकर भी लोगों को परेशानी होती रही है। कई बार शिकायत करने के बाद अब नगर निगम ने इस समस्या को दूर करने की योजना बनाई है। वार्ड पार्षद सुमन ने बताया कि सभी गलियों और मोहल्लों में पानी की नई पाइप लाइन और सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इससे लोगों को साफ पेयजल मिलने के साथ जलभराव और गंदे पानी की समस्या से भी राहत मिलेगी।