सेक्टर-1 से 57 तक यातायात सुगम बनाने की योजना पर काम कर रहा जीएमडीए
3 वर्ष की अवधि के लिए सलाहकारों को सूचीबद्ध किया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) शहर की मास्टर सड़कों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेषज्ञ सलाहकारों की नियुक्ति करेगा। सलाहकारों को तीन वर्ष की अवधि के लिए सूचीबद्ध (एम्पैनलमेंट) किया जाएगा। सलाहकार सड़क और यातायात व्यवस्था का तकनीकी मूल्यांकन कर सुधार योजनाओं की तैयारी में जीएमडीए की मदद करेंगे।
जीएमडीए सेक्टर-एक से 57 तक मास्टर रोड के चौक-चौराहों को बेहतर कर यातायात को सुगम बनाने की योजना पर काम कर रहा है। ऐसे में इस कार्य को बेहतर तरीके से सिरे चढ़ाने के लिए सलाहकार रखने की प्रक्रिया चल रही है। सलाहकारों की जिम्मेदारी में सड़क नेटवर्क का तकनीकी मूल्यांकन, यातायात प्रवाह का विश्लेषण, जंक्शनों में सुधार, सड़क सुरक्षा उपाय, सड़क की क्षमता बढ़ाने और अन्य ट्रैफिक इंजीनियरिंग संबंधी कार्य शामिल होंगे। इसके अलावा मौजूदा यातायात व्यवस्था की कमियों की पहचान कर उनके समाधान के लिए तकनीकी सुझाव भी दिए जाएंगे।
जीएमडीए के अनुसार, शहर में बढ़ते यातायात के दबाव और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मास्टर सड़कों की यातायात व्यवस्था को वैज्ञानिक तरीके से बेहतर करना जरूरी है। विशेषज्ञ सलाहकारों की मदद से विभिन्न सड़कों और प्रमुख जंक्शनों का अध्ययन कराया जाएगा। इसके आधार पर यातायात संचालन को सुचारु बनाने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए आवश्यक सुधारों की योजना तैयार की जाएगी।
सलाहकारों के तकनीकी मूल्यांकन के आधार पर प्राथमिकता वाले स्थानों पर सुधार कार्यों की योजना बनाई जाएगी। इससे जाम वाले प्रमुख जंक्शनों की पहचान, सड़क क्षमता के बेहतर उपयोग और यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अमित कुमार ने बताया कि सेक्टर-एक से 57 तक यातायात सुधार के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। इस कार्य के लिए सलाहकारों की सेवाएं ली जानी है।