- सफाई व्यवस्था सुधारने में निभाएं सक्रिय भूमिका, हर वार्ड में निगरानी बढ़ेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वार्ड कमेटियों का गठन किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखकर समस्याओं की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचाएंगी। मानेसर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेशभर की नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगमों की वार्ड कमेटियों के सदस्यों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि वार्ड कमेटियों को केवल जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि सम्मान भी दिया गया है। सदस्य विकास कार्यों पर नजर रखेंगे और कमियों की सूचना प्रशासन को देंगे। इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा, जहां लोग अपनी शिकायतें और सुझाव दर्ज करा सकेंगे।मुख्यमंत्री ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा कूड़ा उठाने की व्यवस्था को सुचारू बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 87 नगर निकाय और 1692 वार्ड हैं, जिनमें अधिकांश जगह कमेटियां बन चुकी हैं। जल्द ही ‘मेरा वार्ड स्वच्छ वार्ड’ योजना के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस मौके पर मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव, नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।