- महरौली रोड पर टूटी सड़कों से आवाजाही ठप, जाम और जलभराव का खतरा बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। महरौली रोड स्थित आईडीसी इलाके में सड़क निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार ने उद्यमियों और कारोबारियों की परेशानी बढ़ा दी है। सीवेज, सड़क और ड्रेनेज निर्माण के लिए सड़कों को तोड़ दिया गया है, लेकिन डेढ़ महीने बाद भी काम पूरा नहीं हो पाया है। उद्यमियों का कहना है कि पहले खराब सड़क के कारण दिक्कत होती थी, लेकिन अब सड़क पूरी तरह उखाड़ देने से हालात और बदतर हो गए हैं। माल की ढुलाई और लोगों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है। सड़क का मलबा किनारे पड़ा है और कोई वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे उद्योगों का काम प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय उद्यमी धर्म सागर के अनुसार, सड़क तोड़ने के दौरान पेयजल पाइपलाइन में लीकेज हो गया है, जिससे सीवेज का पानी मिलकर गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। इस पुराने औद्योगिक क्षेत्र में करीब 250 इकाइयां संचालित हैं, जो इस समस्या से जूझ रही हैं। गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन ने प्रशासन से निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।
कोट-सड़क टूटने से शोरूम और सर्विस सेंटर का काम ठप, ग्राहक आना कम हो गए हैं। — रोहित कुमार
बारिश और गड्ढों से जाम की समस्या बढ़ी, दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। — अरुण मिश्रा
दो महीने से काम अधूरा पड़ा है, निर्माण कार्य में तेजी लाना बेहद जरूरी है। — आरएन नाथ
बरसात से पहले सड़क नहीं बनी तो जलभराव से उद्योगों को भारी नुकसान होगा। — अशोक कुमार