- 90 करोड़ रुपये से बन रही इमारत के लिए हाई परचेज कमेटी से मिल चुकी है अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
गुुरुग्राम। सेक्टर 10 स्थित नागरिक अस्पताल के पास निर्माणाधीन नई इमारत की सौगात अगले साल मिलने की संभावना है। करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस बिल्डिंग के लिए हाई परचेज कमेटी से अनुमति मिल चुकी है और अब वर्क ऑर्डर जारी होने का इंतजार है। वर्क ऑर्डर जारी होते ही 15 दिनों के भीतर टेंडर कंपनी को काम सौंप दिया जाएगा और निर्माण कार्य फिर से शुरू कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि आगामी एक महीने में निर्माण प्रक्रिया दोबारा शुरू हो जाएगी। वर्ष 2024 की शुरुआत तक इमारत का काम पूरा होना था। बता दें कि चार मंजिल तक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है जबकि पांचवीं मंजिल का कार्य अधूरा है।
रोजाना आते हैं 3,000 मरीज
अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 3,000 मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचते हैं जबकि 200 से अधिक मरीज भर्ती रहते हैं। आपातकालीन और अन्य जांच सेवाओं के लिए भी मरीजों की भीड़ बनी रहती है। जगह की अभाव के कारण सुविधाएं सीमित पड़ जाती हैं। खासतौर से बेड की कमी के चलते मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए 2018 में निदेशालय ने 100 बेड की अतिरिक्त बिल्डिंग के निर्माण की स्वीकृति दी थी।
मुख्यालय स्तर पर हाई परजेच कमेटी से अनुमति मिल चुकी है। उम्मीद है कि वर्क ऑर्डर जारी होते ही कार्य में तेजी लाई जाएगी।-
विवेक गुप्ता, एसडीओ, पीडब्ल्यूडी