सरकारी खेल नर्सरियों में नए उपकरणों के लिए तीन महीने पहले विभाग ने प्रशिक्षकों से मांगी थी जरूरतों की सूची, अब तक नहीं पहुंचा सामान
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले की सरकारी खेल नर्सरियों में खिलाड़ियों को अभी भी पुराने और जर्जर खेल उपकरणों के सहारे अभ्यास करना पड़ रहा है। जिला खेल विभाग ने करीब तीन महीने पहले सभी खेल प्रशिक्षकों से नए खेल उपकरणों की मांग संबंधी सूची मांगी थी, लेकिन अब तक किसी भी नर्सरी में नए उपकरण नहीं पहुंच पाए हैं। ऐसे में खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर असर पड़ रहा है।
जिले में विभिन्न खेलों की 22 सरकारी खेल नर्सरियां संचालित हो रही है, जहां एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, कबड्डी, हॉकी, कुश्ती और अन्य खेलों के खिलाड़ी नियमित प्रशिक्षण लेते हैं। प्रशिक्षकों ने विभाग को भेजी गई सूची में नए मैट, फिटनेस उपकरण, ट्रेनिंग कोन, स्टॉप वॉच, हॉकी स्टिक, बॉक्सिंग ग्लव्स, जिम उपकरण और अन्य खेल सामग्री की मांग की थी। हालांकि, तीन महीने बीतने के बावजूद अभी तक खरीद प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।
प्रशिक्षण के दौरान उपयोग किए जाने वाले कई उपकरण काफी पुराने हो चुके हैं। नए उपकरण मिलने से अभ्यास की गुणवत्ता बेहतर होगी और प्रदर्शन में भी सुधार आएगा। - गजेंद्र, एथलेटिक्स
मैट और फिटनेस उपकरण लंबे समय से इस्तेमाल हो रहे हैं। कई बार पुराने उपकरणों के कारण अभ्यास में परेशानी होती है और चोट लगने का भी खतरा बना रहता है। - यशोवर्धन, जूडो
कई हॉकी स्टिक और ट्रेनिंग सामग्री खराब हो चुकी है। नई खेल सामग्री मिलने से खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। - चिराग, हॉकी
पुराने ग्लव्स और फिटनेस उपकरणों के कारण अभ्यास प्रभावित हो रहा है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आधुनिक उपकरणों की आवश्यकता है। - प्रणव, फुटबॉल