रिकाॅर्ड आपूर्ति के बीच बिजली संबंधित शिकायतें भी बढ़ीं
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एक ओर जहां बिजली निगम ने 2520 मेगावाट की रिकॉर्ड आपूर्ति का दावा कर रहा है, वहीं शहर के लोग बिजली कटौती और फॉल्ट के कारण परेशान हैं। बृहस्पतिवार को डीएलएफ फेज-2, न्यू पालम विहार सबस्टेशन से जुड़े इलाकों में लोगों ने ग्रिड में परेशानी और फॉल्ट आदि के कारण बिजली कटौती की शिकायत की है। डीएलएफ फेज-टू में 66 केवी सबस्टेशन में गड़बड़ी और टी ब्लॉक में 11 केवी फीडर में फॉल्ट आने के कारण होने के कारण दोपहर में विभिन्न ब्लॉक में काफी देर तक बिजली कटौती हुई।
सेक्टर-111 के डिप्लोमेट ग्रींस सोसाइटी के निवासी मीतक कुमार बहल ने बताया कि सोसाइटी में बुधवार को रात 10 बजे से बृहस्पतिवार सुबह तक बिजली नहीं थी। दोपहर में भी काफी देर तक बिजली कटौती हुई। सोसाइटी में बिजली नहीं होने के कारण लोगों को जेनरेटर के चार्ज चुकाने पड़ते हैं जो बिजली निगम के बिल के मुकाबले चार गुणा ज्यादा होता है। सेक्टर-111 स्थित कैपिटल गेटवे के निवासी प्रदीप सोलंकी ने बताया कि सोसाइटी में लोगों को वोल्टेज के काफी उतार चढ़ाव का सामना करना पड़ा है।
एक दिन में सर्किल वन में 3416 शिकायतें
बिजली निगम के सर्किल वन में एक दिन में 3416 बिजली संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं। 25 मई से 26 मई के बीच 3416 बिजली संबंधित शिकायतें आईं, जिसे निपटाने का दावा निगम ने किया है। इसमें सबसे ज्यादा शिकायत कादीपुर सबडिविजन में 646 रहीं। फर्रुखनगर सबडिविजन में एक दिन में 490 शिकायतें आईं जबकि पालम विहार में 380 शिकायतें दर्ज की गईं। मानेसर में 314 शिकायतें दर्ज की गईं। गुरुग्राम शहर के सर्किल वन के हिस्से में कुल 1955 शिकायतें दर्ज की गई और मानेसर में 1460 शिकायतें दर्ज की गईं।
बिजली निगम सर्किल वन के एसई श्यामबीर सैनी ने बताया कि गर्मी के कारण बिजली की खपत ज्यादा होने के कारण फाॅल्ट और गड़बड़ियों की शिकायतें आ रही हैं, बिजली कर्मी उसे मुस्तैदी से ठीक करने में जुटे हैं।