नंबर गेम- 10 करोड़ रुपये खर्च करेगा निगम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। करीब 20 साल से कम क्षमता के कनेक्शन के कारण बिजली संकट झेल रहे सेक्टर-49 स्थित विपुल वर्ल्ड सोसाइटी के निवासियों को अगले साल तक बिजली संकट से राहत मिलेगी। सोसाइटी में बिजली निगम 25 एमवीए सबस्टेशन बनाने जा रहा है। इस सोसाइटी में 12 मेगावाट क्षमता की बिजली का कनेक्शन स्वीकृत है। विपुल वर्ल्ड के इस सबस्टेशन में करीब 10 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। इस सबस्टेशन से सोहना रोड में स्थित तत्वम विला समेत कई सोसाइटियों को भी बिजली मिल सकेगी। बिजली निगम में सर्किल टू के एसई मनोज यादव ने बताया कि बिपुल वर्ल्ड के सबस्टेशन का काम अलॉट कर दिया गया है।
सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष जयवीर यादव ने बताया कि 100 एकड़ की इस सोसाइटी में करीब 1000 परिवार रहते हैं। 20 साल से यह सोसाइटी कम क्षमता के बिजली कनेक्शन के भरोसे चल रही थी। 33 केवी सबस्टेशन के लिए लोगों ने लंबी लड़ाई लड़ी है। सोसाइटी में सबस्टेशन बनने की सूचना से लोगों के खुशी है। गर्मी के मौसम में कम क्षमता की बिजली के कारण बिजली कटौती और फॉल्ट होते रहते थे।
अगले साल गर्मी से पहले 5 सबस्टेशन तैयार होंगे
विपुल वर्ल्ड सोसाइटी के 33 केवी सबस्टेशन के अलावा सर्किल टू इलाके में बिजली निगम के चार अन्य सबस्टेशन भी तैयार हो रहे हैं। इन्हें अगले साल गर्मी से पहले चालू किया जा सकेगा। सेक्टर-52 स्थित आरडी सिटी, बादशाहपुर और सकतपुर के सबस्टेशन शामिल हैं। ये तीनों सबस्टेशन 33 केवी के होंगे। इसके अलावा बादशाहपुर सबडिविजन में सेक्टर-67 स्थित अंसल एसेंशिया में 33 केवी सबस्टेशन का निर्माण चल रहा है। इन चारों सबस्टेशनों के निर्माण में करीब 44 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। अंसल एशेंसिया का सबस्टेशन अगस्त तक चालू कर दिए जाने का आश्वासन बादशाहपुर सबस्टेशन के अधिकारियों ने दिया है। सबस्टेशन 8 करोड़ के खर्च से बनना है। इससे 250 एकड़ में फैली अंसल एशेंसिया सोसाइटी में बिजली संकट दूर होगा।
अगले साल गर्मी से पहले बिजली निगम सर्किल-2 इलाके में 5 नए सबस्टेशन चालू कर देगा। बादशाहपुर, सकतपुर, आरडी सिटी, अंसल एशेंसिया और विपुल वर्ल्ड के इन सबस्टेशनों से ओवरलोडिंग से राहत मिलेगी और इस इलाके की एक बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। -मनोज यादव, एसई सर्किल-2