पर्यटकों ने अपनी बुकिंग रद्द की, उद्योगों के कंसाइनमेंट रुके
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पड़ोसी देश नेपाल की हिंसा के कारण अराजक स्थिति से गुरुग्राम के पर्यटन व्यवसाय, उद्योग और व्यापार पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
पर्यटन व्यवसाय से जुड़े कृष्णा एयर ट्रैवल प्रमुख बीएन लाल कहते हैं कि वैसे तो बरसात के मौसम में लोग काठमांडो कम जाते हैं लेकिन नेपाल में पर्यटन का जो लोग पैकेज की पूछताछ कर रहे थे, उन्होंने अपनी यात्रा रद्द कर दी है। काठमांडो में पशुपतिनाथ के दर्शन के साथ लोग पोखरा और जनकपुर का पैकेज लेते रहे हैं। पर्यटन इससे काफी प्रभावित हुआ है।
मानेसर में बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर के उपकरण तैयार करने वाले कंकरेंसी कंट्रोल सिस्टम के जीएम हरिओम त्रिपाठी कहते हैं कि हम लोग नेपाल से ज्यादा व्यापार नहीं करते हैं लेकिन जो थोड़ा बहुत उधर का बिजनेस है, उसका कंसाइनमेंट रुक गया है। पोखरा, काठमांडो के कुछ होटलों में काम था, जो अभी बंद हो गया है।
गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित राव बताते हैं कि नेपाल के विभिन्न उद्योग यहां से जुड़े हैं। जैसे बीयर इंडस्ट्री के लिए जौ से बना माल्ट, कपड़ा मिल के लिए कपड़ा, वहां चलने वाले वाहनों के रखरखाव में प्रयोग किए जाने वाले ऑटो कंपोनेंट्स का नेपाल एक बड़ा बाजार है। गुरुग्राम के आसपास के उद्याेगों पर वहां फैली हिंसा का असर होगा।
उद्योग विहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक कोहली कहते हैं कि वहां जो हो रहा है यह हमारे लिए अच्छा नहीं है। हमारे उद्योग और व्यापार उससे प्रभावित होंगे। यह केवल व्यवसाय की बात नहीं सुरक्षा की दृष्टि से भी आतंकियों को इस अराजक स्थिति के बाद आसान रास्ता मिल जाएगा।
गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मंदीप किशोर गोयल बताते हैं कि नेपाल में जो अशांति और राजनीतिक अस्थिरता बनी हुई है, उसका कुछ हद तक प्रभाव उद्याेग और व्यापार पर पड़ सकता है। दवाइयां, निर्माण सामग्री, स्टील, टेक्सटाइल और छोटी मशीनरी का निर्यात नेपाल में होता रहा है।
हालांकि यह कहना जल्दबाजी होगा कि इसका दीर्घकालीन असर हमारे उद्योगाें पर पड़ेगा। भारत-नेपाल व्यापार काफी स्थिर और मजबूत आधार पर टिका है। आईएमटी मानेसर उद्योग संघ के अध्यक्ष मनोज त्यागी, उद्योग विहार उद्योग संघ के अध्यक्ष अनिमेष सक्सेना और गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जेएन मंगला का कहना है कि फिलहाल नेपाल की अस्थिरता को गुरुग्राम के उद्योग पर कोई खास असर नहीं पड़ रहा है।