पलवल।
चांदहट थाना क्षेत्र के गांव बलई में खेत में काम कर रही महिला पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
गांव बलई निवासी रानी देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अप्रैल की सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने खेत में कृषि कार्य कर रही थी। इसी दौरान गांव के ही राजबीर और सत्ते ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचे और उससे झगड़ा करने लगे। आरोप है कि राजबीर ने जौरी से उसकी कमर और पैर पर वार किया। वहीं, सत्ते ने तलवार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके अलावा दोनों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट भी की। पीड़िता ने कहा कि एक दिन पहले 15 अप्रैल को भी सत्ते और पंकज ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। घटना की वीडियो भी पीड़िता के पास मौजूद बताई जा रही है। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में कई चोटें पाई गईं, जिनमें कुछ तेजधार हथियार से लगी हैं। अमरपुर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। इसके बाद चांदहट थाना में राजबीर, सत्ते और पंकज के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।