गुरुग्राम। सेक्टर-60 स्थित लेमन ट्री होटल के सामने सड़क पर चलती थार में स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि चालक तेज रफ्तार में थार को चलाते हुए खिड़की खोलकर स्टंटबाजी कर रहा है। यातायात पुलिस ने 26,500 का चालान काटा है।
यातायात पुलिस ने खतरनाक ड्राइविंग, फ्रंट पैसेंजर द्वारा सीट बेल्ट का उपयोग न करना सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने संबंधी धाराओं में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक काले रंग की चलती थार से स्टंटबाजी कर रहा है। युवक हाईस्पीड में बार-बार लेन बदलता नजर आ रहा है। खिड़की से बाहर निकल रहा है। वीडियो के बैकग्राउंड में देसी राखै छोरा हथियार गाना भी बज रहा है। यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि वीडियो में दिख रहे नंबर को ट्रेस कर 26,500 रुपये का चालान काटा गया है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने व दूसरों की जान को खतरे में डालने पर संबंधित धाराओं के तहत नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है।