स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुआ था विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पालम विहार क्षेत्र स्थित जेम्स इंटरनेशनल स्कूल में दो छात्रों के बीच मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि 28 जून को स्कूल में आयोजित हुए एक कार्यक्रम के दौरान दोनों छात्रों में विवाद हो गया था। दोनों छात्रों के बीच हुए विवाद के दौरान स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल परिसर में मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति या छात्र ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
जेम्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित हुए कार्यक्रम के लिए अलग-अलग स्कूलों के छात्र भी शामिल हुए थे। वायरल हो रही वीडियो में कुछ छात्र मिलकर एक छात्र के साथ मारपीट करते हुए दिख रहे हैं। मारपीट के दौरान छात्र एक-दूसरे पर कुर्सियों से भी वार करते हुए गाली-गलौज भी कर रहे हैं। पालम विहार थाने की पुलिस के अनुसार, मामले में स्कूल प्रबंधन या छात्रों ने कोई शिकायत दी है। सोशल मीडिया पर छात्रों के बीच हुए झगड़े का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने खुद ही संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी कर मामले की जांच के लिए स्कूल प्रबंधन और दोनों पक्षों को बुलाया। मामले में स्कूल प्रबंधन ने इस बारे में कोई बात नहीं की।
मामले में स्कूल प्रबंधन से बात की गई तो बताया गया कि दोनों विद्यार्थियों व उनके परिजनों को आमने-सामने बैठाकर समझौता करा दिया गया है। किसी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी है। अगर कोई पक्ष शिकायत करता है तो उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- अजय, प्रभारी, पालम विहार थाना