गुरुग्राम। टेलीग्राम एप के माध्यम से प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर युवती से 2.83 लाख रुपये ठग लिए। युवती के अनुसार, 9 से 12 जून के दौरान उससे ये रुपये निवेश के नाम पर ट्रांसफर कराए गए। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि साइबर क्राइम थाना मानेसर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले में जांच शुरू की है। पुलिस को दी शिकायत में मानेसर निवासी प्रीति ने बताया कि 8 जून को उनके व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया। मैसेज में घर बैठे काम कर कमाई का झांसा दिया गया। आरोपी ने टेलीग्राम लिंक पर जॉइन करने को कहा। युवती ने आरोपी के कहे अनुसार टेलीग्राम जॉइन किया। ठगों की बातों में आकर युवती ने कोटक महिंद्रा बैंक के खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन में रुपये निवेश करना शुरू कर दिया। 15 मिनट बाद रिफंड नहीं आया तो युवती ने संपर्क किया। युवती ने कहा कि 2.83 लाख रुपये निवेश करने के बाद रिफंड मांगा तो कहा गया कि 3 लाख रुपये का आखिरी निवेश करो, फिर रिफंड दिया जाएगा। युवती के अनुसार, 9 से 12 जून के दौरान उसने 2.83 लाख रुपये निवेश किए। 3 लाख रुपये निवेश करने से मना करने पर आरोपियों ने रिफंड नहीं दिया। तब ठगी का अहसास हुआ और ऑनलाइन शिकायत दी गई। मामले में अब साइबर क्राइम थाना मानेसर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। ब्यूरो