मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण के लिए सड़क के बीच में साढ़े चार मीटर की होगी बैरिकेडिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण के दौरान मिलेनियम सिटी सेंटर से सुभाष चौक तक बीच में बने साइकिल ट्रैक पर वाहन भी चलेंगे। मेट्रो के पिलर के निर्माण के दौरान मुख्य सड़क के दोनों तरफ साढ़े चार मीटर की बैरिकेडिंग की जा रही है। करीब तीन से पांच महीने तक वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
पुलिस उपायुक्त यातायात डाॅ. राजेश मोहन ने अपनी टीम के साथ मिलकर शुक्रवार को प्रस्तावित कॉरिडोर का निरीक्षण किया। गुरुग्राम मेट्रो के प्रथम चरण का निर्माण कार्य पांच किलोमीटर में होना है। इस निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालकों को कम परेशानी हो, इसके लिए सर्विस रोड को भी ठीक कराने के साथ ही निर्देश वाले साइन बोर्ड लगाए। कन्हई रेड लाइट, साइबर पार्क के साथ ही अन्य जगहों पर जो सर्विस लेन बंद थी उनको अब यातायात के संचालन के लिए खोल दिया जाएगा। वाहन चालकों की सुविधा के लिए साइकिल लेन को सर्विस लेन के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। ग्रीन बेल्ट को हटाकर सड़क को दोनों तरफ से चौड़ा किया जाएगा।