अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम और रेवाड़ी में वाहन चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने तीन कार, छह बाइक, लॉक तोड़ने वाला औजार, टॉर्च बरामद की है। गिरोह में 12 सदस्य हैं।
पुलिस सरगना समेत फरार अन्य साथियों की तलाश कर रही है। गिरोह के यह सदस्य तीन मिनट में लॉक तोड़कर चोरी की वारदात कर फरार हो जाते थे।
एसीपी प्रीतपाल सांगवान ने बताया कि पकड़े गए आरोपी सोहेल निवासी गांव आकेडा थाना सदर नूंह, मौसम खान निवासी गांव महू जलालपुर थाना नगीना, जिला नूंह और अशफाक उर्फ मुल्ला निवासी गांव महू जलालपुर थाना नगीना, जिला नूंह के रहने वाले हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह गुरुग्राम, दिल्ली, रेवाड़ी व एनसीआर में चोरी करने के लिए आते थे। उनके निशाने पर अधिकांश ईको कार और बाइक रहती थीं। वारदात को अंजाम देकर वह नूहं ले जाते थे। एसीपी ने बताया कि अशफाक पूर्व में भी जेल जा चुका है। गिरोह में सरगना समेत 12 लोग हैं। अन्य की तलाश में पुलिस टीम जुट गई है।