खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर वाहन चालकों को जाम से आज मिली राहत, टोल प्लाजा पर शनिवार को नहीं लगा जाम।
- फोटो : Gurgaon
गुरुग्राम। सप्ताह के अन्य दिनों के मुकाबले शनिवार को वाहनों का दबाव कम होने के कारण खेड़कीदौला टोल पर स्थिति सामान्य रही और वाहन चालकों को भी जाम से निजात मिली। सुबह 8 से 10 बजे के बीच सर्वाधिक व्यस्त समय में भी स्थिति सामान्य रही और वाहन चालक फर्राटा भरते नजर आए। वहीं, ऑटोमैटिक फास्टैग रीडर मशीनों ने भी बेहतर काम किया, जिसके चलते वाहनों के टोल गेट पर पहुंचते ही फास्टैग रीडिंग हो जा रही थी। इसके कारण जाम से दिन भर राहत रही।
सोमवार रात से फास्टैग व्यवस्था पूरी तरह लागू होने के बाद शनिवार पहला दिन रहा, जब खेड़कीदौला पर यातायात व्यवस्था सामान्य रूप से चली। जाम से राहत के लिए लिए बिना फास्टैग वाले वाहनों को निकालने के लिए बनाई गई अलग लेन को भी प्रमुख वजह माना जा रहा है। रोजाना लग रहे जाम को देखते हुए खेड़कीदौला टोल प्रबंधन ने शुक्रवार को ही हाइवे के दोनों तरफ बिना फास्टैग वाले वाहनों के लिए अलग-अलग लेन बना दी थी। हालांकि, इनसे गुजरने के दौरान भी बिना फास्टैग वाले वाहन चालकों को दोगुना टोल भरना पड़ेगा। मालूम हो कि शुक्रवार तक औसतन 5 में से एक वाहन में मैनुअली फास्टैग रीडिंग करनी पड़ रही थी लेकिन शनिवार को वाहनों की मैनुअली फास्टैग रीडिंग करने की जरूरत ही नहीं पड़ी।