गुरुग्राम। जिले में कोरोना टीकाकरण की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। जिले में किसी भी दिन वैक्सीन आ सकती है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक कोल्ड चेन सेंटर से ही वैक्सीन को सीधे टीकाकरण स्थल पर भेजा जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि वैक्सीनेटर खुद ही वैक्सीन को अपने कैरियर में लेकर टीकाकरण स्थल तक जाएंगे। विभाग के मुताबिक टीकाकरण से करीब एक घंटे पहले ही वैक्सीन केंद्र पर पहुंचा दी जाएगी।
खास बात यह है कि वैक्सीन ले जाते समय कोल्ड चेन का खास खयाल रखा जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि जिले में वैक्सीन आने के बाद सबसे पहले पटौदी स्थित डिस्ट्रिक्ट वैक्सीन स्टोर में जाएगी। उसके बाद टीकाकरण केंद्र के समीपवर्ती कोल्ड चेन सेंटर पर भेजी जाएगी। वैक्सीन की उपलब्ता के अनुसार समय से काफी पहले ही कोल्ड चेन सेंटर्स पर कोरोना वैक्सीन को भेज दिया जाएगा। मालूम हो कि जिले में 37 कोल्ड चेन सेंटर बनाए गए हैं, जहां वैक्सीन को स्टोर किया जाएगा। पहले दिन छह केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर100-100 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जाएगा।