गुरुग्राम। विश्व योग दिवस के अवसर पर टीका उत्सव की तैयारियों के चलते शासकीय केंद्रों पर रविवार को कोरोना टीकाकरण नहीं किया गया। वहीं, निजी केंद्रों पर 7355 लोगों ने टीका लगवाया। कुछ शासकीय केंद्रों पर सुबह के समय लोग पहुंचे लेकिन टीका न लगने की जानकारी मिलते ही लौट गए। वहीं, प्रशासन की तरफ से एक दिन पहले ही शासकीय केंद्रों पर टीकाकरण न होने की जानकारी दे दी गई थी।
रविवार को जिले में निजी केंद्रों पर कुल 7355 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया, जिसमें से 18-44 आयु वर्ग में सर्वाधिक 6386 लोगों को लगाया गया। इसमें भी 6080 को पहली व 306 को टीके की दूसरी डोज दी गई। वहीं, 45 साल से ऊपर के 969 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें से 653 ने पहली व 316 ने दूसरी डोज ली। रविवार को किसी भी स्वास्थ्यकर्मी व फ्रंटलाइन वर्कर को कोरोना का टीका नहीं लगा। इसी के साथ टीका लगवाने वालों की कुल संख्या अब बढ़कर 9 लाख 30 हजार 810 हो गई है। रविवार को जिले में 6733 को टीके की पहली डोज व 622 को दूसरी डोज दी गई। सोमवार को सुबह 8 बजे से 190 शासकीय केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा।