गुरुग्राम। बहादुरगढ़ के कसार गांव में मुकेेश मुदगिल को जिंदा जलाकर मौत के घाट उतारने के मामले में ब्राह्मण संस्थाओं ने हत्यारोपियों के लिए मौत की सजा की मांग की है। घटना से आहत ब्राह्मण समाज की संस्थाओं आदर्श ब्राह्मण सभा, विप्र फाउंडेशन, राष्ट्रीय परशुराम परिषद सहित कई संस्थाओं ने प्रदेश के महामहिम सत्यदेव नारायण आर्य के नाम एसडीएम को सुमित शर्मा के नेतृत्व में एक ज्ञापन सौंपकर दोषियों को सजा-ए-मौत देने की मांग की है।
संस्थाओं के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा कि देश और प्रदेश में जारी किसान आंदोलन लगातार हिंसक होता जा रहा है। हरियाणा का टिकरी बॉर्डर कई ऐसी घटनाओं का गवाह बन चुका है जो न केवल देश के अन्नदाता बल्कि पूरे देश को शर्मसार कर रही है। बंगाल की एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म का घाव अभी भरा भी नहीं था कि ऐसी ही एक घटना बृहस्पतिवार की रात टिकरी बॉर्डर के निकट कसार गांव में हुई है। यहां किसान आंदोलन में शामिल गुंडा तत्वों ने मुकेश मुदगिल को जिंदा जलाकर मार दिया।
परिवार में एक सरकारी नौकरी मिले
हरियाणा प्रदेश का समस्त ब्राह्मण समाज यह पुरजोर अनुरोध करता है कि मुकेश के हत्यारों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता के साथ परिवार में योग्यता अनुसार एक सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। टिकरी बॉर्डर सहित प्रदेश के अन्य स्थानों पर बैठे तथाकथित फर्जी किसानों को तत्काल हटाया जाए। ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फर्जी किसान आंदोलन में शामिल और इसका नेतृत्व करने वाले लोगों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज किए जाएं। इन लोगों ने कहा कि इस घटना से ब्राह्मण समाज को आघात लगा है। इस मौके पर विप्र फाउंडेशन के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप वत्स, अनिल अत्री, नरोत्तम वत्स, रामनिवास शर्मा, आरके मुदगिल और नीरज शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद थे।