संक्रमण की रफ्तार थमी, टीकाकरण में भी आई कमी, दिन भर खाली पड़े रहते हैं अधिकांश शासकीय केंद्र
गुरुग्राम में कोरोना संक्रमण का असर कम हो चुका है। इसे देखते हुए रोजाना होने वाले टीकाकरण में भी खासी कमी देखने को मिल रही है। पहले जहां रोजाना हजारों की संख्या में लोग शासकीय केंद्रों पर टीका लगवाने के लिए पहुंचते थे, वहीं अब दिन भर केंद्र खाली पड़े रहते हैं। पिछले पांच दिन के ही आंकड़ों को देखें तो स्थिति स्पष्ट हो जाती है।
12 से 14 आयु वर्ग में पिछले पांच दिनों में 4529 लोगों को टीके की पहली डोज दी गई है। जबकि 15 से 18 आयु वर्ग के किशोरों में टीकाकरण की शुरुआत होने के बाद शुरुआती पांच दिनों में ही 55226 को टीका लगा दिया गया था। यही स्थिति एहतियाती खुराक के मामले में भी है। 60 साल से ज्यादा आयु वर्ग में पिछले पांच दिनों में महज 1673 लोगों को एहतियाती खुराक दी गई है।
पिछले आंकड़ों को देखें तो इसकी शुरुआत होने के बाद 10 जनवरी से अगले पांच दिन में ही 60 साल से ज्यादा आयु वर्ग मेें कुल 7395 लोगों को टीके की एहतियाती खुराक लगा दी गई थी। प्रशासन के मुताबिक जिले की अनुमानित आबादी करीब 40 लाख है, जिसमें प्रवासी भी शामिल हैं।
------
अब 60 साल के सभी लोगों को लग रही डोज
शुुरुआत में 60 साल से ज्यादा आयु वाले सिर्फ उन्हीं लोगों को एहतियाती खुराक दी जा रही थी, जोकि पहले से ही बीमार थे। अब सभी को एहतियाती खुराक दी जा रही है। अब तो सेक्टर-31 पॉलिक्लीनिक व नागरिक अस्पताल समेत अन्य केंद्र भी खाली रहते हैं। टीकाकरण के लिए पात्र लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन अब मुनादी भी करा रहा है। इसी क्रम में पिछले रविवार को भी सुबह सुबह ही पटेल नगर, झाड़सा, देवीलाल कॉलोनी समेत अन्य इलाकों में स्थानीय टीकाकरण केंद्रों पर जाकर कोरोनारोधी टीका लगवाने की मुनादी कराई गई। बता दें कि जिले में अब तक कोरोनारोधी टीके की 50.62 लाख डोज लगाई जा चुकी हैं।
------
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी का बयान:
शुरुआत से अब तक जिले मेें तेजी से टीकाकरण किया गया, इस कारण लक्ष्य से भी ज्यादा संख्या मेें टीकाकरण किया गया है। लोगों से अपील है कि खुद और अगर पात्र हैं तो अपने बच्चों को संक्रमणरोधी टीका अवश्य लगवाएं।
- डॉ. एमपी सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, गुरुग्राम