गुरुग्राम। रूस निर्मित वैक्सीन स्पूतनिक वी अभी जिले में सिर्फ एक शासकीय टीकाकरण केंद्र पर लगाई जा रही है जबकि अधिकांश लोग यही वैक्सीन लगवाना चाहते हैं। यही वजह है कि रोजाना ही बड़ी संख्या में लोग सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक पहुंच रहे हैं, लेकिन वैक्सीन के सीमित डोज होने के कारण टोकन न मिलने पर लोग हंगामे पर उतारू हो जाते हैं। इसी क्रम में बुधवार को भी वैक्सीन लगवाने के लिए लाभार्थियों ने सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक केंद्र पर हंगामा किया।
लाभार्थियों की संख्या को देखते हुए बुधवार को सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक केंद्र पर स्पुतनिक वी वैक्सीन के डोज बढ़ाकर 100 कर दिए गए थे। इसको देखते हुए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे। 11 बजे तक केंद्र पर लाभार्थियों की लंबी कतार लग गई, जबकि वैक्सीन के सिर्फ 100 स्लॉट ही थे। ऐसे में तय संख्या में टोकन वितरण करने के बाद स्वास्थ्यकर्मियों के हाथ खड़े करते ही कतार में खड़े लोग हंगामा करने लगे, जिनको स्वास्थ्यकर्मियों व पुलिसकर्मियों ने समझाबुझाकर शांत किया। हंगामा कर रहे लोगों को विभागीय कर्मचारियों ने अगले दिन सुबह आने की सलाह दी।
13309 लोगों को लगा टीका
जिले में टीकाकरण की प्रक्रिया तेज गति से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में बुधवार को भी जिले में 13309 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसमें से 9665 को पहली व 3644 को दूसरी डोज दी गई। वहीं, 1586 लोगों को शासकीय व 11723 लोगों को निजी केंद्रों पर कोरोना का टीका लगाया गया। इसी के साथ जिले में टीका लगवाने वालों की कुल संख्या अब बढ़कर 16 लाख 461 पर पहुंच गई है। वहीं, हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर 61 लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी गई।
18-44 आयु वर्ग में 9005 लोगों ने ली वैक्सीन
हालांकि, सीमित डोज होने के कारण बुधवार को शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर लोगों को टीका लगवाने के लिए ज्यादा ही मशक्कत करनी पड़ी। बुधवार को जिले में 18-44 आयु वर्ग में 9005 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया जबकि 45 साल से ज्यादा आयु वर्ग में 4253 लोगों ने टीका लगवाया। वहीं, 66 स्वास्थ्यकर्मियों ने भी विभिन्न टीकाकरण केंद्रों पर टीका लगवाया। वहीं, फ्रंटलाइन वर्कर्स ने भी बुधवार को कोरोना का टीका लगवाया