बूस्टिंग स्टेशन में नया पंप हाउस, पैनल रूम और आधुनिक पंपिंग मशीनरी की जा रही स्थापित
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) सेक्टर-16 स्थित बूस्टिंग स्टेशन की क्षमता बढ़ा रहा है। करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट के तहत नया पंप हाउस, पैनल रूम और आधुनिक पंपिंग मशीनरी स्थापित की जा रही है। कार्य को मई तक पूरा करने का लक्ष्य है।
वर्तमान में स्टेशन पर तीन पंप सेट लगे हैं, जिन्हें बढ़ाकर नौ किया जा रहा है। इससे पानी का प्रेशर और सप्लाई दोनों बेहतर होंगे। जीएमडीए शहर की जलापूर्ति को जोन में बांटने की योजना पर भी काम कर रहा है। अभी सेक्टर-16 बूस्टिंग स्टेशन से एक ही आउटलेट के जरिये कई इलाकों में पानी जाता है, लेकिन अब तीन अलग-अलग आउटलेट बनाए जा रहे हैं, जिससे सप्लाई अधिक व्यवस्थित होगी। इसमें सुशांत लोक के लिए पाइपलाइन का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि एमजी रोड क्षेत्र में अधिकांश पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। जीएमडीए के अनुसार, जिस क्षेत्र में पाइपलाइन का कार्य पूरा होगा, वहां तुरंत पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
इन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बढ़ेगी
सेक्टर-16 बूस्टिंग स्टेशन से इन क्षेत्रों में पानी की सप्लाई की जाती है। सेक्टर-14, सेक्टर-15 (चंदर नगर कॉलोनी), सेक्टर-16, सेक्टर-17 (गांव सुखराली), सेक्टर-18 (गांव सिरहोल), सेक्टर-19 , सेक्टर-20 (एचएसआईआईडीसी फेज-दो, दो और तीन), सेक्टर-24 (डीएलएफ-तीन) और 25 ए (डीएलएफ-2 और नाथूपुर), सेक्टर-25 ए (डीएलएफ-2 और नाथूपुर), सेक्टर-25 (डीएलएफ-II), सेक्टर-26 (डीएलएफ-1 और सिकंदरपुर),सेक्टर-26 ए (डीएलएफ-1), सेक्टर-27 , सेक्टर-28 , सेक्टर-29,सेक्टर-30 (साउथ सिटी-1, सैनी खेड़ा, सिलोखेड़ा), सेक्टर-31, सेक्टर-40, साउथ सिटी-I व सेक्टर-43 समेत अन्य शामिल हैं।