-कुलगुरु ने जांच के लिए जारी किए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय (जीयू) में फर्जी नियुक्तियों का मामला सामने आया है। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से नियुक्तियों से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। यूजीसी के निर्देश के बाद जीयू कुलगुरु (कुलपति) डॉ. संजय कौशिक ने रजिस्ट्रार को जांच के आदेश दिए हैं। इस कार्रवाई के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय में डीन समेत चार वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्तियों में अनियमितताओं की शिकायत मिली है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन अधिकारियों को डेढ़ साल पहले प्रोफेसर पद पर गलत तरीके से नियुक्त किया गया था और बाद में इन्हें प्रमोशन देकर डीन पद पर पदोन्नत कर दिया गया, जबकि ये पद के लिए आवश्यक योग्यता और मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं।
यूजीसी ने विवि से इन नियुक्तियों से संबंधित सभी दस्तावेज, चयन प्रक्रिया, प्रमोशन के आधार और अनुमोदन से जुड़े विवरण तलब किए हैं। डॉ. संजय कौशिक ने कहा कि यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों के सभी रिकॉर्ड, दस्तावेज और नियुक्ति प्रक्रिया के प्रत्येक पहलू की गहन जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
-
वर्जन
शिकायत मिलते ही प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी किए। लगभग डेढ़ साल पहले हुई नियुक्तियों की पूरी प्रक्रिया की जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।-
डाॅ. संजय कौशिक, कुलगुरु, गुरुग्राम विवि