पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा, पुलिस ने कार और चालक की पहचान की
पुलिस की जांच टीम के हाथ लगी सीसीटीवी फुटेज
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। आईएमटी मानेसर फ्लाईओवर के पास रविवार सुबह अर्धनग्न अवस्था में मृत मिली युगांडा की महिला की मौत कार की टक्कर से हुई थी। मंगलवार को हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है। पुलिस ने कार और उसके चालक की पहचान कर ली है। मामले की छानबीन कर रही पुलिस टीम को हादसे की सीसीटीवी फुटेज मिल गई है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि तेज रफ्तार कार ने युगांडा की महिला को टक्कर मारी थी और चालक माैके से कार सहित भाग गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में कार नंबर की देखकर चालक की पहचान की है। हालांकि, अभी पुलिस ने यह नहीं बताया है कि हादसा किस समय का है और आरोपी चालक कौन है। वहीं, बुधवार को युगांडा के दूतावास की ओर से गुुरुग्राम एक एंबुलेंस टीम भेजी थी। दूतावास के अधिकारियों के निर्देशानुसार मृत महिला के शव को एंबूलेस के माध्यम से दिल्ली ले जाया गया है। पुलिस इस बारे में खुलासा नहीं कर रही है कि शव को दिल्ली के किस अस्पताल में ले जाया गया है। पुलिस का कहना है कि युगांडा दूतावास की ओर से एंबुलेंस भेजी गई थी। दस्तावेज जांचने और औपचारिकताएं पूरी करने के बाद टीम को शव सौंप दिया गया था।
-
युगांडा की मृत महिला के मामले में जांच जारी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर महिला को कार द्वारा टक्कर मारने की बात सामने आई है। कार के चालक की पहचान कर ली गई है। जल्द ही आरोपी कार चालक को गिरफ्तार करके मामले का खुलासा किया जाएगा। - विरेंद्र सैनी, सहायक पुलिस आयुक्त (मानेसर), गुरुग्राम।