गुरुग्राम। महावीर चौक पर अंडरपास बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) रूट डायवर्ट कर रहा है। इसके लिए गोशाला मैदान से यूटर्न बनाया रहा है। पीडब्ल्यूडी अधिकारी 10 दिन में कार्य पूरा करके यूटर्न को शुरू कर रूट डायवर्ट कर देंगे। इसके साथ ही सड़क के बीच बाधा बन रहे पेड़ हटाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने वन विभाग से अनुमति भी मांगी है।
महावीर चौक पर लगने वाले जाम से बचने के लिए यूटर्न बनाया जा रहा है। इस कार्य में जैन मंदिर के साथ लगता यूटर्न बाधा बन रहा है। इसे दूर करने के लिए गोशाला मैदान से यूटर्न सड़क बनाकर रूट डायवर्ट किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, रोड बनाने का कार्य अंतिम चरण में है। सड़क के एक तरफ नाला बन चुका है जबकि दूसरी तरफ का कार्य जारी है। सड़क के बीच बाधा बन रहे पेड़ हटाने की अनुमति के लिए वन विभाग को पत्र लिखा जा चुका है।
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षक अभियंता राजीव यादव ने बताया कि शुरुआत में यह यूटर्न दोनों तरफ के वाहनों के लिए रहेगा। बाद में इसे पुरानी दिल्ली रोड से एमजी रोड के लिए एक तरफा कर दिया जाएगा। वन विभाग से पेड़ हटाने की अनुमति मिलते ही सड़क को दो दिन में शुरू कर दिया जाएगा।