-दिल्ली-अलवर मार्ग पर हुआ हादसा, प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। दिल्ली-अलवर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव रावली के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कॉर्पियो कार और बुलेट मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, लेकिन स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे इस दुर्घटना की बड़ी वजह हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि चालक गड्ढों को बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन खो बैठा, जिसके चलते यह टक्कर हुई। बीती रविवार रात हुई बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया था, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया और यह स्थिति और खतरनाक बन गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फिरोजपुर झिरका पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अलवर रेफर कर दिया। परिजन दोनों घायलों को अलवर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की पहचान सागर (20) पुत्र श्रीपाल और मुकेश (26) पुत्र मनोज, निवासी सेक्टर-5 गुरुग्राम के रूप में हुई है। दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।