हरियाणा के नूंह जिला मुख्यालय से सटे गांव सालाहेड़ी में डूब रही दो बेटियों को बचाने के लिए तालाब में कूदीं दोनों महिलाएं भी डूब गईं। आपस में देवरानी-जेठानी जमशिदा (40) पत्नी नसीम और मकीना (35) पत्नी शमीम कपड़े धोने के लिए घर के नजदीक खेत में बने तालाब के पास अपनी-अपनी बेटियों सोफिया (12)और सुमईया (12)के साथ गई थीं।
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत का पता तब चला जब तालाब में चप्पल उतराती दिखीं। दोनों भाइयों का परिवार गांव से थोड़ी दूर खेत में बने मकान में रहता था। शनिवार दोपहर दोनों अपनी बेटियों के साथ तालाब के पास गईं थीं।
हादसे का पता शाम साढ़े पांच बजे तब चला जब तालाब में भैंस नहलाने पहुंची दो महिलाओं जेबुना और मैमूना ने पानी में उतराती चप्पलें देखीं। अनहोनी की आशंका से उन्होंने ग्रामीणों को अवगत कराया।