मानेसर। मानेसर क्षेत्र में अलग-अलग जगह दो ट्रकों में आग लगने की घटना सामने आई हैं। दोनों घटनाओं में ट्रक और उनमें रखा सामान काफी हद तक जल गया। हालांकि, दोनों हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते चालकों ने ट्रक से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
पहली घटना में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पंचगांव के पास एक कंटेनर ट्रक ई-कॉमर्स कंपनी का सामान लेकर दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक को आगे के हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और बाहर निकल गया। कुछ ही देर में ट्रक में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। आग के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
दूसरी घटना मानेसर क्षेत्र में हुई। यहां एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान अचानक उसमें आग लग गई। घटना के समय चालक ट्रक से बाहर था, इसलिए वह सुरक्षित बच गया। दोनों घटनाओं में आग लगने का कारण शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।