दो हजार किलो पटाखे बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
मुख्यमंत्री उड़न दस्ता की टीम ने बादशाहपुर में की कार्रवाई, रिहायशी क्षेत्र था पटाखे का गोदाम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते की टीम ने बुधवार को बादशाहपुर स्थित एक मकान से करीब 1988 किलो पटाखे बरामद किए। टीम ने मौके से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। टीम ने दोनों आरोपियों को बादशाहपुर थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि दोनों ही पार्टनर के रूप में काम कर रहे थे और लोगों को चोरी-छिपे पटाखे बेच रहे थे।
उड़नदस्ते के इंस्पेक्टर देवेन्द्र ने बताया कि टीम को सूचना थी कि बादशाहपुर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों को रखा गया है। इसके बाद बादशाहपुर थाना पुलिस के साथ मिलकर बड़ा बाजार स्थित मकान में छापा मारा गया। यहां पर गगन रहेजा और अन्य लोगों ने अवैध रूप से पटाखे का गोदाम बनाया हुआ था। यहां पटाखा खरीदने के लिए कई लोग पहुंचे हुए थे। कार्रवाई दौरान गोदाम मालिक गगन रहेजा और बड़ा बाजार बादशाहपुर निवासी रोहित मिले। दोनों आरोपियों ने बताया कि बड़ा बाजार गांव बादशाहपुर निवासी पन्ना लाल भी बतौर पार्टनरशिप काम करता है। सीएम फ्लाइंग के अधिकारियों ने बताया कि जहां यह गोदाम पाया गया है, वहां रिहायशी क्षेत्र है और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता था।