गुरुग्राम के 10 कॉलेजों को 5.30 लाख का बजट जारी
अर्न व्हाइल यू लर्न योजना : पढ़ाई के साथ काम करने से विद्यार्थियों को मिलेगी आर्थिक मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर लागू की गई अर्न व्हाइल यू लर्न (सीखते समय कमाएं) योजना के तहत जरुरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक तौर पर सहयोग मिल सकेगा। निदेशालय ने हरियाणा के 179 सरकारी कॉलेजों के लिए 77.20 लाख का बजट जारी किया है। इसमें से गुरुग्राम के 10 कॉलेजों को 5.30 लाख का बजट मिलेगा। बजट मिलने के बाद विद्यार्थियों के साक्षात्कार लेकर उन्हें काॅलेज में ही काम दिया जाएगा।
योजना के तहत प्रति विद्यार्थी को प्रति घंटे के हिसाब से 100 रुपये, सप्ताह में 600 रुपये और प्रतिमाह के हिसाब से अधिकतम 2400 रुपये दिए जा सकते हैं। विद्यार्थियों को पुस्कालय, आईटी और कंप्यूटर लैब संबंधी काम दिए जाते हैं। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं का सर्वे किया जा रहा है। ऐसे में सर्वे करने वाले विद्यार्थियों को इस बजट से राशि दी जाएगी। मार्च-2024 तक यह राशि कॉलेज प्रशासन को खर्च करनी होगी।
-
कॉलेजों को कितना मिला बजट
रेलवे रोड स्थित द्रोणाचार्य राजकीय कॉलेज को एक लाख रुपये, राजकीय कन्या कॉलेज सेक्टर-14 को एक लाख रुपये, राजकीय कॉलेज सेक्टर-नौ को 70 हजार रुपये, राजकीय कन्या कॉलेज सेक्टर-52 को 40 हजार रुपये, राजकीय कन्या काॅलेज मानेसर को 40 हजार रुपये, राजकीय कॉलेज सिधरावली को 40 हजार रुपये, राजकीय कॉलेज फर्रुखनगर को 40 हजार रुपये, राजकीय कॉलेज जटौली हेलीमंडी को 40 हजार रुपये, राजकीय कॉलेज पटौदी को 30 हजार रुपये और राजकीय कॉलेज रिठौज को 30 हजार रुपये का बजट मिला है।